Dailyhunt
आईजीआई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार, टर्मिनल-3 का पियर-सी मई से होगा शुरू

आईजीआई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार, टर्मिनल-3 का पियर-सी मई से होगा शुरू

Punjabkesari.com 2 weeks ago

IGI Airport Expansion: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एयरपोर्ट संचालक कंपनी डायल ने टर्मिनल-3 के पियर-सी को मई के पहले सप्ताह से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए चालू करने का निर्णय लिया है।

इस कदम से एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और भीड़भाड़ में कमी आने की उम्मीद है। अब तक घरेलू उड़ानों के लिए उपयोग में लाया जा रहा पियर-सी पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित कर लिया गया है। इसके शुरू होने के बाद टर्मिनल-3 की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में सालाना करीब एक करोड़ की वृद्धि होगी, जिससे कुल क्षमता बढ़कर लगभग 30 से 32 मिलियन यात्रियों तक पहुंच जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक को ध्यान में रखा गया

यह विस्तार भविष्य में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक को ध्यान में रखकर किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए पियर-सी में कई आधुनिक व्यवस्थाएं जोड़ी गई हैं। यहां सेल्फ-बैगेज ड्रॉप के नए काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिससे चेक-इन प्रक्रिया तेज होगी। इमिग्रेशन के लिए प्रस्थान और आगमन दोनों ओर अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलेगी। सुरक्षा जांच को भी अधिक तेज और सुगम बनाने के लिए उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप परिवर्तित किया गया

बोर्डिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई गेट्स को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप परिवर्तित किया गया है। साथ ही बड़े विमानों के संचालन के लिए पार्किंग स्टैंड की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे एयरलाइंस को संचालन में सुविधा होगी और विमानों के ठहराव समय में कमी आएगी। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए पियर-सी में खरीदारी और खान-पान की आधुनिक सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स, फूड आउटलेट्स और प्रीमियम लाउंज शामिल होंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि यह विस्तार आने वाले कई वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में सहायक साबित होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: PunjabKesari.com