Delhi-Dehradun Expressway : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नॉर्थ-ईस्ट जिले के शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी एक कार में तेज गति से आ रही केटीएम स्पोर्ट्स बाइक जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सैयद अमान अली (25) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक मोहम्मद फैज (25) है। दोनों जामा मस्जिद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने अमान के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शुरुआती जांच के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक टाटा टियागो कार तकनीकी खराबी के कारण एक्सप्रेसवे पर बंद हो गई थी। कार चालक सड़क किनारे वाहन का टायर बदल रहा था। चालक का कहना है कि वाहन खराब होने के बाद उसने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) से सहायता के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोई रेस्क्यू वाहन मौके पर नहीं पहुंचा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार केटीएम बाइक पर सवार अमान और फैज उसी मार्ग से गुजर रहे थे। सामने खड़ी कार को समय रहते नहीं देख पाने के कारण बाइक सीधे कार के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे की सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दुर्घटनाग्रस्त कार तथा बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके से दोनों युवकों के हेलमेट भी बरामद हुए हैं।
हाईवे पर 80-100 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी बाइक
जांच में सामने आया है कि अमान पुस्तकों के कारोबार से जुड़ा था और घटना के समय अपने दोस्त फैज के साथ घर लौट रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अनुसार अमान घर की आर्थिक जिम्मेदारियां भी निभा रहा था और उसकी असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर बाइक और कार की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रही होगी।
यह भी जांच का विषय है कि जब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, तब बाइक वहां कैसे पहुंची। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित मार्गों पर दोपहिया वाहन लेकर न जाएं और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही एक्सप्रेस वे पर वाहन खराब होने की स्थिति में चालक सुरक्षित स्थान पर रहें और निर्धारित आपातकालीन सहायता सेवाओं का उपयोग करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
