Bengaluru Airport Drug Smuggling: दुबई से बेंगलुरु पहुंचे एक भारतीय यात्री को एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने यात्री की जांच के दौरान उसके मुंह से सोने के दो कैप्सूल बरामद किए।
इन कैप्सूल में करीब 82 ग्राम सोना होने की बात सामने आई है। यह मामला बेंगलुरु एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का है। जानकारी के मुताबिक, यात्री सुबह करीब 7:30 बजे दुबई से बेंगलुरु पहुंचा था। इसके बाद उसे गाजियाबाद जाने वाली फ्लाइट पकड़नी थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट में सवार होने से पहले यात्रियों की नॉर्मल सुरक्षा जांच की जा रही थी। इसी दौरान CISF के जवानों को एक यात्री का व्यवहार कुछ अलग और संदिग्ध लगा। पूछताछ के दौरान वह ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा था। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसकी एक्स्ट्रा जांच करने का फैसला किया।
मुंह में छिपाकर रखे थे दो कैप्सूल
इस दौरान जांच में सुरक्षाकर्मियों को पता चला कि यात्री ने अपने मुंह में दो कैप्सूल छिपा रखे थे। इन्हें बाहर निकालने पर इनके अंदर सोना होने का पता चला। दोनों कैप्सूल का कुल वजन करीब 82 ग्राम बताया जा रहा है। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, सोने को आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है। बरामद धातु की सही कीमत की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
CISF ने कार्रवाई के बाद यात्री को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री सोना कहां से लेकर आया था और इसे बेंगलुरु के रास्ते कहां पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मामले के पीछे कोई तस्करी नेटवर्क तो नहीं है। यात्री से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
एयरपोर्ट पर तस्करी रोकने के लिए सख्ती
एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा और कस्टम विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। बता दें कि तस्कर अक्सर सोने को कपड़ों, सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों या शरीर के अलग-अलग हिस्सों में छिपाकर लाने की कोशिश करते हैं।
इस मामले में यात्री ने सोने को कैप्सूल के रूप में बनाकर मुंह में छिपाया था। नॉर्मल जांच के दौरान उसके संदिग्ध व्यवहार पर सुरक्षाकर्मियों की नजर गई और एक्स्ट्रा जांच में यह मामला सामने आया। फिलहाल यात्री से पूछताछ जारी है।
