Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

इंडोनेशिया की 12,640 प्रतिबंधित सिगरेट के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Punjabkesari.com 1 week ago

North-East District Crime News : उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ ने करावल नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडोनेशिया से लाई गई प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 12,640 प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट, एक मोटरसाइकिल और तस्करी से जुड़े अहम सुराग बरामद किए हैं। जब्त की गई सिगरेट भारत में प्रतिबंधित है क्योंकि इनके पैकेटों पर तंबाकू उत्पादों के लिए अनिवार्य वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनी अंकित नहीं थी।

डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि एसीपी सतेंद्र कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में एसआई कौशिक घोष और उनकी टीम को सूचना मिली थी कि करावल नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर महालक्ष्मी विहार स्थित नाला रोड के पास जाल बिछाया गया।
शाम करीब 4:30 बजे तीन युवक मोटरसाइकिल पर दो बोरियां लेकर वहां पहुंचे और कथित ग्राहक का इंतजार करने लगे। काफी देर तक कोई नहीं आया तो वे वहां से निकलने लगे।

इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।तलाशी के दौरान पुलिस ने 79 कार्टन बरामद किए, जिनमें कुल 12,640 ”इन ब्लैक’ (मेड इन इंडोनेशिया)ब्रांड की विदेशी सिगरेट थीं। पूछताछ में आरोपियों ने प्रतिबंधित सिगरेट की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राहुल पहले चोरी और स्नैचिंग के एक मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस ने करावल नगर थाने में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूरे सप्लाई नेटवर्क और इस प्रतिबंधित खेप के स्रोत की जांच शुरू कर दी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: PunjabKesari.com