तेहरान, 4 मई (आईएएनएस)। ईरान ने सोमवार को अमेरिका की सेना को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में प्रवेश करने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी। ईरान ने कहा कि अगर अमेरिकी सेना इस जलडमरूमध्य के करीब आने या इसमें प्रवेश करने की कोशिश करेगी, तो उस पर हमला किया जाएगा।
ईरान के प्रमुख सैन्य कमान खतम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय की ओर से एक बयान जारी किया गया। इसमें कहा, "हम चेतावनी देते हैं कि कोई भी विदेशी सशस्त्र बल, खासकर आक्रामक अमेरिकी सेना, यदि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के करीब आने या प्रवेश करने की कोशिश करेगी, तो उस पर हमला किया जाएगा।"
यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिका ने घोषणा की है कि वह इस जलमार्ग में फंसे जहाजों को निकालने के लिए सोमवार से एक अभियान शुरू करेगा। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करना है।
ईरानी सेना ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा उसके नियंत्रण में है और यहां से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए उसकी सशस्त्र सेनाओं के साथ समन्वय जरूरी है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि कई देशों ने वाशिंगटन से मदद मांगी है, क्योंकि उनके जहाज इस स्ट्रेट में फंसे हुए हैं, जबकि उनका मौजूदा संघर्ष से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इस मिशन को "प्रोजेक्ट फ्रीडम" बताया।
ट्रंप के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य "निर्दोष और तटस्थ जहाजों" की मदद करना है, ताकि वे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। उन्होंने यह भी कहा कि कई जहाजों पर भोजन और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी हो रही है, जिससे चालक दल की स्थिति खराब हो रही है।
अमेरिकी सेंटकॉम ने पुष्टि की है कि 4 मई से यह अभियान शुरू होगा, जिसमें वाणिज्यिक जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए सैन्य सहायता दी जाएगी। इस अभियान में गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक, 100 से अधिक विमान, मानवरहित प्लेटफॉर्म और लगभग 15,000 सैनिक शामिल होंगे।
इस घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

