Jawaharlal Nehru University : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशिएंसी (सीओपी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी है।
जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया था, वे विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर अपनी लॉगिन जानकारी दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, पहली मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 5 अगस्त तक प्री-नामांकन, प्रवेश शुल्क का भुगतान तथा सीट सुरक्षित (ब्लॉक) करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थी का दावा प्रभावित हो सकता है।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि दूसरी मेरिट सूची तथा अधिसंख्य (सुपरन्यूमरेरी) सीटों की सूची 12 अगस्त को जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्री-नामांकन, शुल्क भुगतान और सीट सुरक्षित करने की प्रक्रिया 12 अगस्त से 14 अगस्त तक चलेगी।
इसके बाद प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) 17 अगस्त से 20 अगस्त के बीच संबंधित विद्यालयों और केंद्रों में किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि जिन अभ्यर्थियों को नियमित चरणों में प्रवेश नहीं मिल सकेगा, उनके लिए 26 अगस्त से 28 अगस्त तक इच्छा अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ विलिंगनेस) का अंतिम अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
