Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रंगासामी ने पुडुचेरी को जल्द राज्य का दर्जा मिलने पर जताया भरोसा, तमिलनाडु में विजय को दी बधाई

रंगासामी ने पुडुचेरी को जल्द राज्य का दर्जा मिलने पर जताया भरोसा, तमिलनाडु में विजय को दी बधाई

Punjabkesari.com 2 weeks ago

पुडुचेरी, 6 मई (आईएएनएस)। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री-नामित एन रंगासामी ने बुधवार को विश्वास जताया कि केंद्र शासित प्रदेश जल्द ही पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार लंबे समय से लंबित मांग को लेकर लगातार केंद्र पर दबाव बना रही है।

पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत के बाद रंगासामी रिकॉर्ड पांचवीं बार पद संभालने की तैयारी कर रहे हैं।

वे तमिलनाडु के सलेम दौरे पहुंचे और सुरमंगलम स्थित प्रसिद्ध अप्पा पैथियम स्वामी मंदिर में दर्शन किए, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और विशेष पूजा में भाग लिया।

रंगासामी ने मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने वाली टीवीके प्रमुख विजय को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं विजय को बधाई देता हूं। मैं उनके सफलतापूर्वक काम करने और जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू करने की कामना करता हूं।”

पुडुचेरी के नामित मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब टीवीके 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस और कई छोटे दल पहले ही विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन को समर्थन देने का संकेत दे चुके हैं, जबकि चेन्नई में राजनीतिक विचार-विमर्श जारी है।

पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए रंगासामी ने कहा कि यह मुद्दा उनकी सरकार की प्राथमिकता बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हम लगातार केंद्र सरकार से आग्रह कर रहे हैं। राज्य का दर्जा जल्द मिलेगा। एनडीए के हिस्से के रूप में हम लगातार इस पर दबाव बना रहे हैं।

नई पुडुचेरी कैबिनेट के गठन पर रंगासामी ने कहा कि मंत्रियों की नियुक्ति और विभागों के बंटवारे की जानकारी शपथ ग्रहण के बाद और नई सरकार के औपचारिक रूप से पद संभालने के बाद स्पष्ट होगी।

जब उनसे तमिलनाडु कांग्रेस नेताओं द्वारा टीवीके को समर्थन देने के बारे में पूछा गया तो रंगासामी ने कहा कि ऐसे राजनीतिक घटनाक्रम सामान्य हैं, जब स्थिर सरकार बनाने के लिए समर्थन की आवश्यकता होती है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: PunjabKesari.com