अहमदाबाद, 4 अप्रैल। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शनिवार की रात रोमांच की पराकाष्ठा दिखी, जब टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में पहले हेडर का दूसरा मैच अंतिम गेंद तक खिंच गया। लेकिन घरेलू दर्शकों की खामोशी के बीच मुकाबले का समापन हुआ क्योंकि मीडियम पेसर तुषार देशपांडे ने अंतिम ओवर में गुजरात टाइटंस को 11 रन नहीं बनाने दिए और राजस्थान रॉयल्स को मिली छह रनों से रोमांचक जीत के हीरो बन बैठे।
जुरेल व यशस्वी के त्वरित पचासों से 210 रनों तक पहुंची राजस्थानी टीम
मौजूदा संस्करण के अब तक खेले गए नौ मैचों में यह पहला मौका था, जब किसी टीम ने सिक्के की उछाल जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी चुनी थी। कप्तान रियान पराग का यह फैसला सही भी बैठता प्रतीत हुआ क्योंकि ध्रुव जुरेल (75 रन 42 गेंद, पांच छक्के, पांच चौके) व यशस्वी जायसवाल (55 रन, 36 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) के आक्रामक अर्धशतकों के साथ वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अंशदान (31 रन, 18 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 210 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया था।
सुदर्शन को छोड़ अन्य बल्लेबाज बिश्नोई एंड कम्पनी का जवाब नहीं दे सके
जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम आठ विकेट पर 204 रनों तक पहुंच सकी। दरअसल, अपेक्षाकृत कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरे गुजरात टाइटंस के लिए ओपनर बी. साई सुदर्शन (73 रन, 44 गेंद, तीन छक्के, नौ चौके) को छोड़ अन्य बल्लेबाज मजबूत चुनौती पेश करते नहीं दिखे।
साई व कुशाग्र ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों पर जोड़े थे 78 रन
लेग ब्रेक गुगली विशेषज्ञ 'प्लेयर ऑफ द मैच' रवि बिश्नोई (4-41) व उनके साथी गेंदबाजों ने जोस बटलर (26 रन, 14 गेंद, पांच चौके) व कुमार कुशाग्र (18 रन, 14 गेंद, तीन चौके) सहित अन्य बल्लेबाजों को ज्यादा दूर नहीं जाने दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि साई व कुमार के बीच पहले विकेट के लिए 48 गेंदों पर हुई 78 रनों की तेज भागीदारी के बावजूद 15वें ओवर तक 161 पर सात बल्लेबाज लौट चुके थे।
कार्यकारी कप्तान राशिद व रबाडा ने अंतिम ओवर तक उम्मीदें जीवंत रखी थीं
हालांकि मांसपेशियों में खिंचाव के चलते ऐनवक्त पर बाहर बैठे शुभमन गिल की जगह कप्तानी कर रहे राशिद खान (26 रन, 16 गेंद, तीन चौके) ने पुछल्ले कगिसो रबाडा (नाबाद 23 रन, 16 गेंद, एक छक्का, दो चौके) संग मिलकर मोर्चा संभाला और 19वें ओवर की समाप्ति पर स्कोर 200 रनों तक पहुंचा दिया तो एकबारगी लगा कि घरेलू टीम का खाता खुल सकता है।

अंतिम ओवर का रोमांच
मुंबइया मीडियम पेसर तुषार देशपांडे (1-24) अंतिम ओवर लेकर उतरे तो GT को 11 रनों की दरकार थी। इस क्रम में तुषार ने वाइड गेंद से शुरुआत की और अगली तीन गेंदों पर राशिद व रबाडा ने सिंगल चुराए। लेकिन पांचवीं गेंद पर स्टेडियम में सन्नाटा छा गया, जब जोफ्रा आर्चर ने डीप प्वॉइंट से दाईं ओर दौड़ लगाते हुए राशिद खान का शानदार कैच पकड़ लिया। इसके साथ ही 43 रनों की मेहनतकश भागीदारी भी टूट गई। अब एक गेंद पर सात रनों की दरकार थी, लेकिन नए बल्लेबाज अशोक शर्मा कोई रन नहीं ले सके।
राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दूसरे स्थान पर धकेला
राजस्थान रॉयल्स ने इस लगातार दूसरी जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। पहले मैच में उसने अपने द्वितीय घरेलू मैदान गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से शिकस्त दी थी। वस्तुतः दिन में यह दूसरी बार था, जब अंक तालिका का शीर्ष क्रम बदला। इस मैच के पहले दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर पंजाब किंग्स को दूसरे स्थान पर धकेलते हुए खुद शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था। अब DC व PBKS क्रमशः दूसरे स्थान पर हैं। वहीं गुजरात की यह लगातार दूसरी पराजय थी। गत 31 मार्च को उसे मुल्लांपुर में पांच गेंदों के शेष रहते PBKS तीन विकेट से मात खानी पड़ी थी।
यशस्वी ने वैभव व जुरेल संग कीं तेज अर्धशतकीय भागीदारियां
इसके पूर्व यशस्वी व वैभव ने सिर्फ 38 गेंदों पर ताबड़तोड़ 70 रनों की भागीदारी से राजस्थान रॉयल्स को जबर्दस्त शुरुआत दी। राशिद खान (1-39) ने सातवें ओवर में वैभव को लौटा पहली सफलता हासिल की तो यशस्वी व ध्रुव के बीच 37 गेंदों पर 56 रनों की एक और तेज भागीदारी आ गई।
स्कोर कार्ड
रबाडा (2-42) ने 13वें ओवर में यशस्वी को बोल्ड मारा तो अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने पराग (आठ रन, चार गेंद, एक छक्का) को निबटा दिया। इसके बाद जुरेल को शिमरॉन हेटमायर (18 रन, आठ गेंद, दो छक्के, एक चौका) का साथ मिला। फिर जुरेल ने रवींद्र जडेजा (नाबाद सात रन, एक चौका) की मौजूदगी में टीम को 200 के पार पहुंचाया और अंतिम ओवर में मो. सिराज के शिकार बने।
रविवार के मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (हैदराबाद, अपराह्न 3.30 बजे), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (बेंगलुरु, शाम 7.30 बजे)।

