Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
'बजरंगी भाईजान' फेम राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, असिस्टेंट ने बताया हेल्थ अपडेट, कीड़े के काटने की खबर निकली गलत

'बजरंगी भाईजान' फेम राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, असिस्टेंट ने बताया हेल्थ अपडेट, कीड़े के काटने की खबर निकली गलत

मुंबई, 9 जुलाई । बॉलीवुड के दमदार अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत को लेकर सामने आई खबरों के बीच अब उनके असिस्टेंट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। 'बजरंगी भाईजान', 'स्पेशल 26', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'इश्किया' जैसी फिल्मों में अपनी शानदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले राजेश शर्मा इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं।

हालांकि, उन्हें प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े के काटने से अस्पताल पहुंचने की खबरों को उनके असिस्टेंट ने पूरी तरह गलत बताया है।

असिस्टेंट ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बताया कि राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने नहीं काटा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिनेता को डायबिटीज से जुड़ी स्वास्थ्य समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

इससे पहले अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया था कि प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान रामोजी फिल्म सिटी में राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया था। पोस्ट के मुताबिक, शुरुआत में अभिनेता ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और शूटिंग पूरी करने के बाद कोलकाता लौट गए। सफर के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तेज बुखार आया और संक्रमण बढ़ने पर उन्हें ढाकुरिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, अब अभिनेता की टीम ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि वायरल हो रही ये खबरें भ्रामक हैं और उनकी बीमारी का कारण डायबिटीज से जुड़ी जटिलताएं हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो राजेश शर्मा हाल के वर्षों में 'क्रू', 'पाताल लोक', 'दबंग 3', 'मर्दानी 2', 'पति पत्नी और वो', 'बाटला हाउस', 'ड्रीम गर्ल' और 'द ताशकंद फाइल्स' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। हाल ही में उन्होंने राजकुमार हिरानी की वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' में सब-इंस्पेक्टर कार्लोस लोबो की भूमिका निभाई थी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Real Voice of India Hindi