नई दिल्ली, 4 अगस्त। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हो रहे 'तथाकथित चुनावों' को दिखावा करार देने के साथ वैश्विक संगठनों से अपील की है कि आम नागरिकों पर हो रही ज्यादती के खिलाफ कदम उठाएं।
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, 'पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में यह तथाकथित स्थानीय चुनाव पूरी तरह से दिखावा है। वास्तिवक स्थिति वहां हो रहे जन प्रदर्शन और पाकिस्तानी बलों द्वारा की जा रही निर्मम हत्याओं की है। ऐसे खोखले दावे वास्तविकता से अलग हैं।'
जून से अब तक 90 लोगों की मौत
पीओके में प्रदर्शन को दबाने के लिए पाकिस्तान की दमनकारी नीतियों के परिणाम को रेखांकित करते हुए जायसवाल ने कहा, 'वहां जो जन प्रदर्शन चल रहा है, उसमें जून से अब तक 90 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। वहां की सत्ता व्यवस्था ने जनता के असंतोष का जवाब गोली, संचार बंदी, दमन और धमकी से दिया है।'

