Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
इंडोनेशिया ओपन : सिंधु दूसरे दौर में, लक्ष्य, मालविका व श्रीकांत सीधे गेमों में हारे

इंडोनेशिया ओपन : सिंधु दूसरे दौर में, लक्ष्य, मालविका व श्रीकांत सीधे गेमों में हारे

कार्ता, 2 जून। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मंगलवार को यहां पहले गेम में कुछ कठिन क्षण देखने के बाद इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन सुपर 1000 टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली।

लेकिन देश के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत व मालविका बंसोड़ पहले दौर की बाधा पार करने में नाकाम रहे।

बुसानन के खिलाफ सिंधु को पहले गेम में कड़ी चुनौती मिली

इस्तोरा सेनायन के कोर्ट नंबर एक पर दिन का दूसरा मैच खेलने उतरीं विश्व नंबर 12 सिंधु ने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 51 मिनट में 25-23, 21-16 से पराजित किया। हालांकि पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधु को पहले गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जिसका फैसला टाईब्रेक से हुआ। लेकिन दूसरे गेम में उन्हें ज्यादा रियाज नहीं करना पड़ा और उन्होंने सीधे गेम में जीत दर्ज की।

दूसरे दौर में विश्व नंबर एक कोरियाई एन से-यंग से हो सकती है मुलाकात

इस जीत के साथ ही 136 हफ्तों बाद फिर टॉप 10 में शामिल हो चुकीं गैर-वरीय भारतीय शटलर सिंधु का अब मौजूदा ओलम्पिक चैंपियन और विश्व नंबर एक कोरियाई दिग्गज एन से-यंग से सामना हो सकता है, जिन्होंने उन्हें पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में हराया था। फिलहाल एन से-यंग के खिलाफ मौजूदा विश्व नंबर 12 सिंधु का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक जो नौ मैच खेले गए हैं, उन सभी में सिंधु को हार का सामना करना पड़ा।

पहले दिन एकल में उतरे अन्य भारतीय शटलर परास्त

फिलहाल पहले दिन एकल में उतरे अन्य भारतीय शटलरों को हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा विश्व नंबर 10 लक्ष्य सेन कोर्ट नंबर एक पर अपनी ख्याति के अनुरूप प्रर्शन नहीं कर सके और विश्व रैंकिंग में स्वयं से दो स्थान नीचे इंडोनेशियाई अल्पी फरहान के हाथों 48 मिनट में 19-21,16-21 से हार गए।

उधर कोर्ट नंबर तीन पर विश्व नंबर 37 किदांबी श्रीकांत जापान के युशी तनाका के हाथों सिर्फ 37 मिनट में 19-21, 15-21 से हार गए तो महिला एकल में मालविका बंसोड़ को कोर्ट नंबर दो पर सातवीं वरीयता प्राप्त थाई शटलर पोर्नपावी चोचुवोंग ने 39 मिनट में 21-12, 21-10 से हराया।

हरिहरन-अर्जुन पुरुष युगल के दूसरे दौर में

युगल की बात करें तो पुरुष वर्ग में हरिहरन आमसकारुनन व एमआर अर्जुन ने शानदार खेल का नमूना पेश किया तथा अपने से अधिक रैंकिंग वाली मलेशियाई जोड़ी नूर मोहम्मद अजरीन अयूब और टैन वी किओंग पर 33 मिनट में 21-18, 21-10 की जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश किया।

महिला युगल व मिश्रित युगल में भारतीय जोड़ी परास्त

लेकिन महिला युगल व मिश्रित युगल में भारतीय जोड़ियों को पराजय का सामना करना पड़ा। त्रीसा जॉली व पुलेला गायत्री गोपीचंद को महिला युगल के पहले दौर में जहां इंडोनेशियाई फेबरियाना कुसुमा व मेलिसा पुष्पितासारी ने 34 मिनट में 21-14, 21-12 से हराया वहीं तनिषा क्रास्टो व ध्रुव कपिला की टीम मिश्रित युगल में छठे वरीय गुओ शिन वा और चेन फांग हुइ के हाथों सिर्फ 24 मिनट में 11-21, 10-21 से हार गई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Real Voice of India Hindi