Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लखनऊ : चारबाग स्टेशन पर गिरा 70 फीट लंबा टिन शेड, TTE समेत 3 घायल, 24 से अधिक ट्रेनें प्रभावित

लखनऊ : चारबाग स्टेशन पर गिरा 70 फीट लंबा टिन शेड, TTE समेत 3 घायल, 24 से अधिक ट्रेनें प्रभावित

खनऊ, 29 मई। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मुख्य रेलवे स्टेशन चारबाग पर शुक्रवार पूर्वाह्न एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर लगा लगभग 60-70 फीट लंबा भारी-भरकम टिन शेड अचानक भरभराकर नीचे जा गिरा।

गनीमत रही कि हादसे के वक्त प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या नगण्य थी और प्लेटफॉर्म पर कोई ट्रेन भी नहीं खड़ी थी, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। हालांकि, शेड के मलबे की चपेट में आकर तीन लोग आंशिक रूप से घायल हो हो गए, जिनमें दो रेल यात्री और एक रेलवे के ट्रैवलिंग टिकट एक्जामिनर (TTE) शामिल हैं।

राहत कार्य में जुटी क्रेन

शेड गिरते ही प्लेटफार्म पर अचानक तेज आवाज हुई, जिससे वहां मौजूद यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई। हादसे के तत्काल बाद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर मोर्चा संभाल लिया। मलबे को जल्द से जल्द साफ करने के लिए क्रेन की मदद ली गई और तेजी से राहत कार्य शुरू किया गया।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पूर्वाह्न लगभग 8.15 बजे हुए इस हादसे के वक्त प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री अभिषेक और साहिल मलबे की चपेट में आ गए थे। ड्यूटी पर तैनात टीटीई भूपेंद्र सिंह को भी इस दौरान शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। रेलवे प्रशासन ने सभी घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत स्थिर है।

उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीआरएम सुनील कुमार वर्मा और आरएलडीए के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर पावस यादव ब्रिज वर्कशॉप की तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अपनी देखरेख में राहत कार्य प्रारंभ कराया। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने टूटे हुए शेड के खतरनाक हिस्सों को काटकर अलग किया ताकि प्लेटफार्म को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।

दो दर्जन ट्रेनें हुईं प्रभावित

अचानक हुए हादसे की वजह से चारबाग स्टेशन के इस हिस्से में काफी देर तक रेल परिचालन बाधित रहा और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया था। इसी रूट पर आ रही हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को भी एहतियातन दुर्घटना स्थल के पास ही कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। इस प्लेटफार्म पर आने वाली अन्य सभी ट्रेनों को स्टेशन के दूसरे प्लेटफार्मों पर डायवर्ट किया गया, जिससे दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित हुआ।

डीआरएम ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के दिए आदेश

डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो इस शेड के गिरने के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी। सुनील कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या RLDA की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ तत्काल कड़ी दंडात्मक काररवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Real Voice of India Hindi