Dailyhunt
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की सूची, अन्नामलाई का नाम नहीं

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की सूची, अन्नामलाई का नाम नहीं

चेन्नई, 3 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 27 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। दिलचस्प यह है कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के.अन्नामलाई का नाम इस सूची में नहीं है।

अन्नामलाई ने कथित तौर पर अपनी सहयोगी एआईएडीएमके द्वारा पार्टी को दिए गए चुनाव क्षेत्रों से नाखुशी जताने के बाद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन अवनाशी सीट से उम्मीदवार

अन्नामलाई को बाहर रखने के बावजूद, भाजपा ने खास इलाकों में अपने प्रचार अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व राज्यपाल को मैदान में उतारा है। सबसे अहम नामों में केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन शामिल हैं। इन्हें अवनाशी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जो पार्टी के प्रमुख दलित चेहरों में गिने जाते हैं।

पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन मायलापुर से लड़ेंगी

वहीं पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर से उम्मीदवार बनाया गया है। मौजूदा विधायक और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन, अपनी पिछली कोयंबटूर दक्षिण सीट छोड़कर कोयंबटूर (उत्तर) से चुनाव लड़ेंगी।

राज्य भाजपा प्रमुख नैनार नागेंद्रन पहली बार सत्तूर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजा में शामिल हुई एस. विजयधरणी अपने मजबूत गढ़ विलावनकोड से चुनाव लड़ेंगी। तमिलनाडु में गुरुवार, 23 अप्रैल को चुनाव होंगे और चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

पार्टी ने मुझे प्रचार की जिम्मेदारी दी है : अन्नामलाई

इस बीच केरल के कन्नूर में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के. अन्नामलाई ने कहा, '… इस चुनाव में, मेरा रोल पूरे तमिलनाडु में उम्मीदवारों के लिए प्रचार करना है। अभी, पार्टी ने मुझे सात तारीख तक पुडुचेरी और केरल में प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है। सात तारीख से 23 तारीख तक मुझे पूरे तमिलनाडु में सभी भाजपा और एनडीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करना है। पार्टी ने मुझे यही जिम्मेदारी दी है। मैं वह जिम्मेदारी पूरी करूंगा।'

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Real Voice of India Hindi