Dailyhunt
थॉमस कप : सेमीफाइनल से पहले भारत को झटका, चोटिल लक्ष्य सेन बाहर, किंदाबी श्रीकांत लेंगे उनकी जगह

थॉमस कप : सेमीफाइनल से पहले भारत को झटका, चोटिल लक्ष्य सेन बाहर, किंदाबी श्रीकांत लेंगे उनकी जगह

होर्सेंस (डेनमार्क), 2 मई। पुरुषों की टीम बैडमिंटन चैम्पियनशिप यानी थॉमस कप में शनिवार की रात फ्रांस के खिलाफ प्रस्तावित सेमीफाइनल से पहले भारत को बड़ा झटका लगा, जब उसके शीर्षस्थ एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन चोटिल दायीं कोहनी में सूजन के कारण बाहर हो गए।

लक्ष्य की अनुपस्थिति में विश्व वरीयता क्रम के 30वें नंबर के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत कोर्ट पर उतरेंगे।

भारतीय एकल टीम में श्रीकांत, एचएस प्रणय और आयुष शेट्टी हैं जबकि युगल मुकाबले में आमसकारुनन व एमआर अर्जुन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की जोड़ियां कोर्ट पर उतरेंगी। भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ पदक पक्का हो गया है। भारत ने 2022 में थॉमस कप जीता था। उसके अलावा भारतीय टीम 1952, 1955 और 1979 में कांस्य पदक जीत चुकी है।

क्वार्टरफाइनल में कठिन जीत के दौरान दायीं कोहनी में लगी थी चोट

उल्लेखनीय है कि विश्व रैंकिंग में 11वें नंबर पर काबिज 24 वर्षीय लक्ष्य ने एक दिन पहले क्वार्टर फाइनल में दो मैच प्वॉइंट बचाकर असाधारण वापसी की थी और विश्व नंबर छह चीनी ताइपे के चोउ टिएन चेन पर एक घंटे 28 मिनट तक चले मैराथन संघर्ष में 18-21, 22-20, 21-17 से जीत दर्ज की। इस मैच के दौरान हालांकि लक्ष्य की कोहनी में चोट लग गई थी और वह अब तक इससे पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं।

जांच-पड़ताल के बाद एहतियातन लिया गया फैसला : BAI

भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) के महासचिव संजय मिश्रा ने एक बयान में कहा, 'टीम के मेडिकल स्टाफ द्वारा पूरी जांच-पड़ताल के बाद, यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है। इसका मकसद लक्ष्य को ठीक होने के लिए पर्याप्त समय देना और यह सुनिश्चित करना है कि यदि भारत फाइनल में पहुंचता है, तो वह पूरी तरह से फिट हों।'

लक्ष्य के 'मेंटोर' और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने कहा, 'उनके पैरों में छाले भी पड़ गए हैं।' फिलहाल, उन पर कड़ी मेडिकल नजर रखी जा रही है और उन्हें हर जरूरी मदद दी जा रही है। टीम को पूरा भरोसा और उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक होकर अपनी बेहतरीन फॉर्म में वापस आ जाएंगे।

लक्ष्य, आयुष और चिराग-सात्विक के श्रेष्ठ प्रदर्शन के सहारे शुक्रवार को भारत ने चीनी ताइपे के खिलाफ 3-0 की एकतरफा जीत से सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित की थी। वहीं फ्रांस ने जापान को इसी अंतर से हराया था। दूसरे सेमीफाइनल में चीन का सामना मेजबान डेनमार्क से होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Real Voice of India Hindi