बालाघाटः पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने उड़ीसा से लेकर गुजरात तक फैले संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि रामपायली थाना क्षेत्र लिंगमारा से दीनी में गांजा तस्करी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए एक मोटरसाइकिल में सवार तीन आरोपियों के कब्जे से 21 किलो से अधिक अवैध गांजा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा के दो मास्टरमाइंड मिकेन्द्र उर्फ मुकेश देव और दिलीप सुना भी शामिल हैं, जो लंबे समय से गांजा तस्करी में सक्रिय थे। वहीं उनके साथ मुन्ना बर्वे, निवासी भटेरा रोड, थाना कोतवाली, बालाघाट निवासी भी पकड़ा गया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपियों द्वारा उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश, गुजरात सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। इस नेटवर्क के माध्यम से बड़े स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए कोर्ट में पेश कर 13 अप्रैल तक के लिए पुलिस ने रिमांड पर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इस कार्रवाई को बालाघाट पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट

