आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित 'राजेश्वर मेला-2026' के उद्घाटन समारोह में पहुंचीं साध्वी प्राची ने अपने संबोधन के दौरान एक तीखा और विवादित बयान दिया है।
उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली युवतियों के फोटो अपने फोन में सेव करके रख लें, ताकि वे कहीं आगे चलकर आपके घर की बहू न बन जाएं।
राजेश्वर मेला-2026 का हुआ शुभारंभ
रविवार शाम प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से राजेश्वर मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं साध्वी प्राची ने हरी झंडी दिखाकर भगवान राजेश्वर महादेव के डोले को रवाना किया। इस दौरान बैंड-बाजों की धुन, 'हर-हर महादेव' के जयघोष और भारी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच उत्साहपूर्ण माहौल में डोला यात्रा निकाली गई।
"बेटियों को दीजिए संस्कार, बनाइए रानी लक्ष्मीबाई जैसा"
समारोह को संबोधित करते हुए साध्वी प्राची ने समाज और परिवार में संस्कारों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च संस्कारवान बनाना चाहिए और उन्हें आधुनिकता के साथ-साथ वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जैसा बनने की प्रेरणा देनी चाहिए। उनका कहना था कि जब बच्चों में संस्कारों की कमी होती है, तभी इस तरह की अभद्रता और अमर्यादित भाषा का प्रयोग सामने आता है। इसी संदर्भ में उन्होंने हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उक्त विवादित टिप्पणी की।

