बुलंदशहर। बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साठा निवासी 11 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप का शव करीब 90 घंटे बाद शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली चारु मंगलवार को स्कूल से घर लौटते समय तेज बारिश के दौरान जलभराव के बीच नाले में बह गई थी।
कई दिनों तक चले लगातार रेस्क्यू अभियान के बाद उसका शव चावली गांव के पास झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार चारु भूतेश्वर मंदिर स्थित अपने स्कूल से मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। उस समय शहर में तेज बारिश हो रही थी और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। रास्ते में नाले के ऊपर बनी पटिया से गुजरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव वाले नाले में गिर गई। देखते ही देखते मासूम पानी के तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ, पीएसी, स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य बचाव दलों ने लगातार कई दिनों तक छात्रा की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
शनिवार सुबह बागपत से आए गोताखोर इरफान और उनकी टीम ने चावली गांव के पास नाले के किनारे झाड़ियों में एक शव फंसा हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल एनडीआरएफ टीम को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने शव की पहचान चारु कश्यप के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। मामले में पहले ही स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। वहीं नगर पालिका के दो जूनियर इंजीनियर सहित कई कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सीओ सिटी शेखर पांडे ने बताया कि लगातार चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान छात्रा का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

