Dailyhunt
बुलंदशहर में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंदा, मंदिर के पुजारी समेत दो की मौत

बुलंदशहर में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंदा, मंदिर के पुजारी समेत दो की मौत

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मंदिर के पुजारी सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित सिरोधन कट के पास की है, जहाँ एक तेज रफ्तार इको कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी।

पौधे लेने जा रहे थे पुजारी

हादसे का शिकार हुए 50 वर्षीय पंडित राकेश मंदिर परिसर के लिए पौधे खरीदने जा रहे थे। उनके साथ 25 वर्षीय सचिन भी बाइक पर सवार था। सिरोधन कट के पास पीछे से आ रही अनियंत्रित इको कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

चौकी इंचार्ज (खुर्जा गेट) मुनेश पाल सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान पंडित राकेश और सचिन के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

कार चालक हिरासत में

हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में लेकर आगामी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर गहरा शोक है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin