गाजियाबाद। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ गाजियाबाद प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड़ ने बताया कि इस बार यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
उन्होंने जनपदवासियों को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरा महीना भगवान शिव की आराधना का पर्व है और प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है।
डीएम ने बताया कि पूरे जिले को 11 जोन, 24 सेक्टर और 108 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
कांवड़ मार्गों पर 160 किलोमीटर से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है। जलभराव रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 6900 से अधिक स्ट्रीट लाइटें और 1500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें एआई आधारित पीटीजेड कैमरे भी शामिल हैं, जिनसे पूरे मार्ग की निगरानी की जाएगी।
विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 हजार से अधिक बिजली के पोलों को पॉलीथीन कवर से सुरक्षित किया गया है। जिले में 299 से अधिक कांवड़ शिविर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी इलेक्ट्रिकल सेफ्टी टीमों द्वारा जांच की जा रही है।
मुरादनगर गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां पीएसी, एनडीआरएफ, गोताखोरों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
डीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी, जिससे करीब 170 दुकानें प्रभावित होंगी। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमें ढाबों, रेस्टोरेंट और भोजनालयों में स्वच्छता एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी भोजनालयों पर क्यूआर कोड भी लगाए जा रहे हैं, जिससे संचालकों की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।
अतिवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए लोनी और नगर निगम क्षेत्र के निचले इलाकों में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और पंप सेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार शुक्रवार से सोमवार तक कांवड़ यात्रा के पीक दिनों में जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन और पुलिस के समन्वय से कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सफल बनाया जाएगा।

