गाजियाबाद। दिल्ली संसद भवन के आगे बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र धारण कर चंदा मांगने और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा उन्हें चंदा देने के मामले पर सियासत तेज हो गई है।
इस पूरे घटनाक्रम पर गाजियाबाद से लोकसभा सांसद अतुल गर्ग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि यह "दान-चोरी का मामला" है और इसके जरिए साधुओं और राम मंदिर का अपमान किया जा रहा है।
अतुल गर्ग ने कहा, "पिछले 12 सालों में जो विकास हुआ है, जो काम हुए हैं, उनकी तुलना कोई नहीं कर सकता। न कोई आरोप लगा सकता है। आर्थिक रूप से देश मजबूत हुआ है। लेकिन इन लोगों का मानसिक स्तर यही है। संसद के अंदर ये अपनी राजनीतिक पहचान इसी तरह के कामों से दे रहे हैं।"
"विपक्ष चाहता है गृहमंत्री इस्तीफा दें"
सांसद ने पेपर लीक बिल और जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष किसी भी तरह से गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांग रहा है। उन्होंने कहा, "इनको पता है कि चुनाव आने वाले हैं, अगले 2 साल में भी होंगे। आखिर में जनता का निर्णय ही मानना पड़ेगा।
"भारत माता और राम का अपमान किया"
अतुल गर्ग ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "जिन लोगों ने भारत माता को गालियां दीं, जिन्होंने सीता के पति राम का अपमान करने का प्रयास किया, पूरे हिंदू धर्म का मजाक उड़ाया। जिन्होंने सवाल पूछा कि अगर भारत तुम्हारी माता है तो पिता कौन है - इस तरह की घटिया मानसिकता के साथ वो महिलाएं और लड़कियां क्या छात्र थीं?
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आड़ में पार्टी के कार्यकर्ताओं को भेजकर "जितनी गंदगी फैलाई गई है, उससे पूरा देश शर्मिंदा है।
*बांग्लादेश-नेपाल जैसा तख्तापलट की तैयारी?
सांसद ने बांग्लादेश और नेपाल में हुए घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए कहा, "क्या लगता है कि जिस प्रकार बांग्लादेश और नेपाल में JNU के द्वारा तख्तापलट हुआ, कहीं विपक्ष का ये एक कदम तो नहीं है कि इनके लोगों के द्वारा भारत में भी तख्तापलट की तैयारी की जाए?"
उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता के वोटों पर यकीन नहीं है, इसलिए वो EVM का मुद्दा उठाते हैं और चाहते हैं कि भारत में विद्रोह हो जाए।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।

