Dailyhunt
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़: वांछित बदमाश घायल, अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद

गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़: वांछित बदमाश घायल, अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस, स्नैचिंग किया हुआ मोबाइल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार देर रात की है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना साहिबाबाद में दर्ज एक मुकदमे का वांछित अपराधी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर लिंक रोड से साहिबाबाद की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर आरोपी तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन उर्फ मोनू (30) निवासी हर्ष विहार, दिल्ली बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार, कारतूस, हिण्डन पुल से छीना गया मोबाइल फोन और लिंक रोड क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की। घायल अभियुक्त को अस्पताल भेज दिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गाजियाबाद और एनसीआर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है। 30 मार्च 2026 को साहिबाबाद क्षेत्र में हुई मोबाइल चोरी की घटना में भी उसकी संलिप्तता पाई गई है। उसके खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार अभियुक्त से आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin