Dailyhunt
गुरुग्राम: ग्राइंडर ऐप के जरिए युवक का अपहरण कर की वसूली; भिवानी और दादरी के 4 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम: ग्राइंडर ऐप के जरिए युवक का अपहरण कर की वसूली; भिवानी और दादरी के 4 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में डेटिंग ऐप के माध्यम से दोस्ती कर वारदातों को अंजाम देने वाला एक गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। मानेसर की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने एक 22 वर्षीय युवक का अपहरण कर उससे मारपीट करने और डिजिटल तरीके से पैसे ट्रांसफर करवाने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब इस मामले में ग्राइंडर ऐप कंपनी को भी नोटिस जारी करने की तैयारी में है।

गली से उठाकर पहाड़ियों में ले गए आरोपी

घटना 4 मई की रात की है, जब गांव कासन में किराए पर रहने वाला युवक अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी में सवार चार युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और कासन की पहाड़ियों की तरफ ले गए। वहां आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और 50 हजार रुपये की मांग की। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने युवक का मोबाइल छीन लिया और जबरदस्ती पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से 2,500 रुपये ट्रांसफर कर लिए।

नशे की लत ने बनाया अपराधी

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान भिवानी निवासी आशीष (19), नरेश कुमार (21), शिवम (19) और चरखी दादरी निवासी आशु (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी नरेश गुरुग्राम में रैपिडो चलाता है, जबकि आशु मानेसर में परचून की दुकान चलाता है।

रेंट पर ली थी वारदात में इस्तेमाल कार

आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने शिकायतकर्ता से संपर्क 'ग्राइंडर ऐप' के माध्यम से किया था। वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार उन्होंने दादरी से किराए पर ली थी। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित शिकारों और उनकी कार्यप्रणाली की गहराई से जांच कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin