मुरादाबाद। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मंगलवार को सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के साथ थाना मझोला क्षेत्र स्थित जीरो पॉइंट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी श्रद्धालु को यात्रा के दौरान असुविधा नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल हर समय तैयार रहे।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और जीरो पॉइंट जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।
मुरादाबाद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार निरीक्षण, फ्लैग मार्च और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

