Dailyhunt
ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान; चुनाव नतीजों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी तृणमूल, इस्तीफे से फिर किया इनकार

ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान; चुनाव नतीजों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी तृणमूल, इस्तीफे से फिर किया इनकार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। बुधवार को कालीघाट में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ आयोजित आपात बैठक में मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को 'अनैतिक' करार देते हुए देश की सर्वोच्च अदालत जाने का ऐलान किया है।

ममता ने दावा किया है कि 100 से अधिक सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को साजिश के तहत 'जबरन' हराया गया है।

इस्तीफे से इनकार, बर्खास्तगी की दी चुनौती

बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने साफ कर दिया कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने बेहद आक्रामक और भावुक लहजे में कहा, "मैंने इस्तीफा न देने का फैसला किया है। वे चाहें तो मुझे बर्खास्त कर सकते हैं या राष्ट्रपति शासन लगा सकते हैं, लेकिन वह दिन लोकतंत्र के इतिहास में 'काले दिन' के रूप में दर्ज होगा।"

'अनुशासन सुरक्षा समिति' का गठन

पार्टी के भीतर अनुशासन और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए ममता बनर्जी ने एक नई 'अनुशासन सुरक्षा समिति' बनाने की घोषणा की है। इस समिति में पार्टी के दिग्गज नेता शामिल हैं:

  • डेरेक ओ ब्रायन

  • फिरहाद हकीम

  • चंद्रिमा भट्टाचार्य

  • सुभाशीष चक्रवर्ती

  • असीमा पात्रा

कानूनी लड़ाई और 'INDIA' गठबंधन

ममता बनर्जी ने कहा कि वह एक पेशेवर वकील के तौर पर अपनी भूमिका फिर से शुरू करेंगी और इस 'अन्याय' के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर 'INDIA' गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सभी विजयी विधायकों को तुरंत अपने क्षेत्रों में जाकर जनता के बीच काम करने का आदेश दिया है।

कुछ विधायकों की अनुपस्थिति ने बढ़ाई हलचल

इस महत्वपूर्ण बैठक में बीरभूम के काजल शेख और बायरन विश्वास जैसे कुछ विजयी उम्मीदवारों की अनुपस्थिति ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। इसे पार्टी के भीतर संभावित असंतोष या भविष्य के समीकरणों के रूप में देखा जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin