Dailyhunt
मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ का ऐलान, 2026 वर्ल्ड कप के बाद लेंगे संन्यास

मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ का ऐलान, 2026 वर्ल्ड कप के बाद लेंगे संन्यास

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ ने घोषणा की है कि वह फीफा विश्व कप 2026 के बाद राष्ट्रीय टीम से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह टूर्नामेंट उनके पेशेवर करियर का भी अंतिम पड़ाव हो सकता है।

विश्व कप के दौरान 41 वर्ष के होने वाले ओचोआ अब तक पांच विश्व कप खेल चुके हैं और छठे विश्व कप के लिए भी उनके चयन की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

साइप्रस क्लब एईएल लिमासोल के लिए खेल रहे ओचोआ ने एक साक्षात्कार में कहा कि राष्ट्रीय टीम से उनका विदाई लेना तय है और पूर्ण संन्यास भी संभव है।

ओचोआ ने कहा, "संन्यास लेना निश्चित रूप से कठिन होता है, लेकिन मेरे मामले में यह इतना मुश्किल नहीं होगा, क्योंकि मैंने लंबे समय तक इस खेल का आनंद लिया है। एक समय आता है जब आपका मन और शरीर कहता हैकि आपने अपना सर्वश्रेष्ठ दे दिया है, और फिर आप संतोष के साथ विदा लेते हैं-मेरे साथ भी ऐसा ही होगा।"

ओचोआ उन चार मेक्सिकन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने पांच विश्व कप खेले हैं। इस सूची में एंटोनियो कार्बाजाल, राफेल मार्केज और आंद्रेस गुआर्डाडो भी शामिल हैं।

यदि वह 2026 विश्व कप में खेलते हैं, तो क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी की तरह छह विश्व कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।

हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओचोआ को युवा गोलकीपर राउल "टाला" रेंगल के बैकअप के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, मेक्सिको के कोच जेवियर एग्विरे ने टीम में विदेशी लीग में खेलने वाले एक गोलकीपर के लिए स्थान खाली रखा है, जिसमें ओचोआ प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।

फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन मेक्सिको, संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin