मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णानगर डोरली इलाके में सोमवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर में लगी अचानक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दो मासूम जिंदगियां हमेशा के लिए छीन लीं।
इस दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय शिवानी उर्फ लाली और उनके पिता सागर (35) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब दो बजे की है, जब घर के भीतर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा मकान धुएं और लपटों की चपेट में आ गया। घर में मौजूद करीब बारह लोग धुएं के कारण बेहोश होने लगे और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना पल्लवपुरम पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एसडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शिवानी और उनके पिता सागर को मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों की मौत दम घुटने के कारण हुई है। वहीं अन्य घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, जिससे थोड़ी राहत मिली है।
क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

