Dailyhunt
मेरठ में सनसनी: 24 घंटे में पिता के हत्यारे बेटे की गिरफ्तारी, लाइसेंसी पिस्टल और कार बरामद

मेरठ में सनसनी: 24 घंटे में पिता के हत्यारे बेटे की गिरफ्तारी, लाइसेंसी पिस्टल और कार बरामद

मेरठ। थाना जानी क्षेत्र के रसूलपुर धौलड़ी गांव में हुए पिता की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।

मामला 30 तारीख का है, जब 72 वर्षीय एजाज पुत्र अब्दुल रहमान की उनके ही बेटे रियाज ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि मृतक एजाज ने अपनी लगभग साढ़े चार बीघा कृषि भूमि बेचकर रकम अपने बैंक खाते में जमा की थी, जिसमें से हिस्सा मांगने को लेकर बेटे रियाज से विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बेटे ने अपने ही पिता पर तीन गोलियां चला दीं।

वारदात के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद थाना जानी में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच और तलाश तेज कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को धौलड़ी बंबा के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियाज पुत्र स्वर्गीय एजाज निवासी रसूलपुर धौलड़ी, थाना जानी, उम्र लगभग 54 वर्ष के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और कार बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र सहित थाना जानी पुलिस टीम शामिल रही।



Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin