मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव में गुरुवार सुबह एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दुल्हन के गृह प्रवेश के समय की गई फायरिंग में एक 45 वर्षीय राजमिस्त्री की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, खड़ौली गांव निवासी नरेश कुमार के बेटे आदेश कुमार की बुधवार को शादी हुई थी। गुरुवार सुबह विदाई के बाद जब दुल्हन घर पहुंची तो परिवार द्वारा उसका जोरदार स्वागत किया जा रहा था। इसी दौरान आदेश के चाचा संदीप उर्फ विक्की ने पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी।
बताया गया कि फायरिंग के दौरान चली एक गोली पास ही खड़े राजमिस्त्री सुभाष प्रजापति के जबड़े में जा लगी। गोली लगते ही सुभाष मौके पर गिर पड़े और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
हादसे के बाद आरोपी संदीप उर्फ विक्की अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है। गांव में शादी की खुशियां अब मातम में बदल चुकी हैं।

