Dailyhunt
मुजफ्फरनगर: भोकरहेड़ी में मेधावियों का सम्मान, यूपी बोर्ड टॉपर छात्राओं को मिला पुरस्कार

मुजफ्फरनगर: भोकरहेड़ी में मेधावियों का सम्मान, यूपी बोर्ड टॉपर छात्राओं को मिला पुरस्कार

मोरना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी स्थित इंटर कॉलेज में शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं में कॉलेज का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस वर्ष कॉलेज का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 99.5 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 84 प्रतिशत रहा, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का आगाज
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत राजेश कुमार, विशिष्ट अतिथि भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पंडित रामकुमार शर्मा, प्रबंधक डॉ. करणवीर सिंह और समाजसेवी विचित्र वीर सिंह ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना और स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

इन मेधावियों ने लहराया परचम
अतिथियों ने परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रतीक चिन्ह भेंट किए और पटका पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। हाईस्कूल टॉपर आफरीन अंसारी (प्रथम), निहां सालेह सिद्दीकी (द्वितीय) और माही (तृतीय) के अलावा इंटरमीडिएट (विज्ञान वर्ग) टॉपर: खुशबू पालीवाल (प्रथम), वंशिका (द्वितीय) और मीनाक्षी (तृतीय) ने परचम लहराया है। इस अवसर पर भाजपा के जिला संयोजक पंडित रामकुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपना एक लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी चाहिए। परिश्रम ही सफलता की एकमात्र कुंजी है और आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।

शिक्षकों ने दी बधाई
कार्यक्रम के दौरान उप प्रधानाचार्य रामेश्वर राम ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नवनीत पांडे, दिनेश शर्मा, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, कपिल कुमार, गोविंद वर्मा, उत्तम मलिक, नीरू, निशु और मंजू रानी सहित समस्त स्टाफ ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin