खतौली (मुजफ्फरनगर)। रतनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम भूपखेड़ी में खेत में कूड़ा डालने जैसा मामूली विवाद अब एक बड़े खूनी संघर्ष में बदल गया है। दो पक्षों के बीच हुई इस मारपीट में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही आधा दर्जन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
विरोध करने पर दी गालियां, फिर घर में बोला धावा
घटना की शुरुआत 27 अप्रैल को हुई थी। ग्राम भूपखेड़ी निवासी राजेश के पुत्र निखिल ने खेत पर जाकर देखा कि गांव के ही रोहित ने उनके खेत में कूड़ा डाल दिया है। जब निखिल ने इसका विरोध किया, तो रोहित ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था और सामाजिक लोकलाज के चलते पुलिस में शिकायत नहीं की गई।
मंगलवार शाम को फिर भड़की हिंसा
आरोप है कि मंगलवार शाम को जब निखिल दोबारा खेत की ओर जा रहा था, तब रोहित ने उस पर अकेले पाकर हमला कर दिया। निखिल के शोर मचाने पर रोहित वहाँ से भाग निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद वह एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने चचेरे भाइयों अर्जुन, भूरा, भंवर, संजू और हरिद्वारी के साथ लाठी-डंडे और लोहे के सरिया लेकर पीड़ित राजेश के घर में घुस गया।
बीच-बचाव करने आई मां को भी नहीं बख्शा
हमलावरों ने घर में मौजूद निखिल पर जानलेवा हमला बोल दिया। जब उसे बचाने के लिए उसके पिता राजेश और मां हेमलता आगे आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बर्बरतापूर्वक मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
इस हमले में निखिल, राजेश और हेमलता को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। रतनपुरी पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आधा दर्जन नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है, जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पीड़ित परिवार खौफ के साये में है।

