बुढाना (मुजफ्फरनगर)। जनपद के थाना बुढाना क्षेत्र अंतर्गत युवक विनोद की हत्या के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि जमीन खरीदने को लेकर चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से विनोद को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को बागपत जिले के थाना दोघट क्षेत्र स्थित ग्राम धनौरा निवासी प्रमोद कुमार ने बुढाना थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित ने बताया था कि 26 जुलाई की रात उनके भाई विनोद के साथ आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में विशेष टीम का गठन किया था।
बड़कता पुलिया के पास से पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
मुकबिर तंत्र की सटीक सूचना पर शुक्रवार 31 जुलाई को पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए बड़कता पुलिया के पास से हत्या में वांछित विजय उर्फ छोटू और नीटू (दोनों निवासी ग्राम मिंडकाली, थाना बुढ़ाना) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला रंजिश और साजिश का राज
पुलिस कस्टडी में आरोपी नीटू ने बताया कि वह अपनी आठ बीघा जमीन बेचकर दूसरी जगह जमीन खरीद रहा था, लेकिन विनोद उस सौदे का लगातार विरोध कर रहा था और अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा था। वहीं दूसरे आरोपी विजय उर्फ छोटू ने बताया कि कुछ समय पूर्व विनोद ने उसके साथ गाली-गलौज की थी, जिससे वह खार खाए बैठा था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने विनोद की हत्या का प्लान बनाया।
ट्यूबवेल के पास घात लगाकर की थी हत्या
26 जुलाई को आरोपियों को सूचना मिली कि विनोद बुढाना-बड़ौत मार्ग से ग्राम मिंडकाली की ओर आ रहा है। दोनों आरोपी सुधीर फौजी की ट्यूबवेल के पास छिपकर बैठ गए। जैसे ही विनोद वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से तब तक पीटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद दोनों शव को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिन्हें विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

