Dailyhunt
मुजफ्फरनगर: जानसठ में 'महिला शक्ति' के हाथ कमान, एसडीएम, तहसीलदार और सीओ तीनों पदों पर नारी शक्ति का दबदबा

मुजफ्फरनगर: जानसठ में 'महिला शक्ति' के हाथ कमान, एसडीएम, तहसीलदार और सीओ तीनों पदों पर नारी शक्ति का दबदबा

मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद एक नया और ऐतिहासिक स्वरूप देखने को मिल रहा है। तहसील के तीनों शीर्ष पदों पर महिला अधिकारियों की तैनाती ने शासन-प्रशासन की कमान को और अधिक मजबूत कर दिया है।

यह पहली बार है जब जानसठ में एसडीएम, तहसीलदार और सीओ जैसे तीनों महत्वपूर्ण पदों पर महिला अधिकारी एक साथ कानून-व्यवस्था और राजस्व मामलों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

प्रशासनिक ढांचे में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में रश्मि लाम्बा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली स्पष्ट करते हुए सरकारी जमीनों पर भू-माफियाओं के अवैध कब्जे के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। वहीं, राजस्व और अन्य प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता बखूबी निभा रही हैं। दोनों ही अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दूसरी ओर, क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सीओ ऋषिका सिंह कमान संभाल रही हैं। एसएसपी द्वारा की गई इस नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाना है। तहसील परिसर में इन तीनों महिला अधिकारियों की मौजूदगी से आम जनता, विशेषकर महिलाओं में प्रशासन के प्रति विश्वास और सुगमता की नई उम्मीद जगी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin