Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा के दौरान नशे के ओवरडोज से अचेत हुआ दिल्ली का शिवभक्त, पुलिस ने कंधे पर उठाकर पहुंचाया जिला अस्पताल

मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा के दौरान नशे के ओवरडोज से अचेत हुआ दिल्ली का शिवभक्त, पुलिस ने कंधे पर उठाकर पहुंचाया जिला अस्पताल

मुजफ्फरनगर: श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक बड़ी खबर सामने आई है। रविवार रात शहर के सिटी सेंटर के सामने कथित तौर पर नशे के ओवरडोज के कारण एक शिवभक्त की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अचेत अवस्था में युवक पास ही एक लकड़ी की टाल के गोदाम में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मानवता का परिचय देते हुए बेहोश कांवड़िए को अपने कंधों पर उठाकर पुलिस वाहन तक पहुंचाया और तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहा था जत्था

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नरेला इलाके का रहने वाला एक शिवभक्त अपने साथियों के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वापस दिल्ली लौट रहा था। रविवार की शाम पूरा जत्था शहर के सिटी सेंटर के सामने बने एक कांवड़ सेवा शिविर में विश्राम के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान दल में शामिल वह युवक अचानक चुपचाप पास की गली में स्थित एक लकड़ी की टाल के गोदाम की तरफ निकल गया।

साथियों ने तलाश कर निकाला बाहर, पिटाई का किया प्रयास

काफी देर तक जब युवक अपने साथियों के पास वापस नहीं लौटा, तो उन्हें चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश करने पर वह लकड़ी की टाल के गोदाम के अंदर अचेत और बेसुध हालत में पड़ा मिला। जब उसके साथियों ने उसे बाहर निकाला, तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की ऐसी हालत देखकर उसके कुछ साथी गुस्से में आ गए और उसकी पिटाई करने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सतर्क स्थानीय लोगों ने तत्काल बीच-बचराव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

सड़क पर दोबारा गिरा अचेत, पुलिस ने दिखाई तत्परता

गोदाम से बाहर लाए जाने के कुछ ही पल बाद युवक मुख्य सड़क पर एक बार फिर गश खाकर अचेत होकर गिर पड़ा। उसकी गंभीर हालत को भांपते हुए पुलिस ने बिना एक पल गंवाए उसे अपने कंधों पर उठाया और साथियों की मदद से पुलिस वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

पुलिस का बयान

सिविल लाइन थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई है कि युवक की तबीयत कथित रूप से नशे के सेवन के कारण बिगड़ी थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की लोग सराहना कर रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin