मुजफ्फरनगर। जनपद के पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ (शुक्रताल) में 2 मई से 10 मई तक विश्वविख्यात संत मोरारी बापू के श्रीमुख से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है।
यह उनकी 977वीं रामकथा होगी, जबकि शुकतीर्थ में यह उनका छठा आगमन माना जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा जानकारी दी गई कि कथा का शुभारंभ 2 मई को सायं 4 बजे से होगा। इसके बाद शेष दिनों में कथा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
शहर के रुड़की रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस कथा का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन का आत्मिक उत्थान और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार है। शुकतीर्थ को धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र स्थल माना जाता है, जहां महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा का प्रथम श्रवण कराया था, जिससे इस स्थान का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
कथा के मुख्य यजमान गुजरात मूल के एनआरआई चेतन भाई होंगे, जो वर्तमान में युगांडा में निवास करते हैं। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन में भारत के साथ-साथ अमेरिका, इंग्लैंड, केन्या सहित कई देशों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन पूरी तरह निःशुल्क और पारमार्थिक रखा गया है, जिसमें किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल एसी पंडाल, शुद्ध पेयजल, भोजन प्रसाद, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग जैसी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसके साथ ही गंगा स्नान, गंगा परिक्रमा और भव्य गंगा आरती का भी विशेष आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों का दावा है कि इस कथा में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे और शुकतीर्थ एक बार फिर वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।
प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सत्यप्रकाश रेशु, प्रदीप जिंदल, दिलीप पुनेवाला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इसमें शामिल होने की अपील की।

