Dailyhunt
मुजफ्फरनगर में 7 मई से शुरू होगी जनगणना, नागरिक खुद भी कर सकेंगे जनगणना

मुजफ्फरनगर में 7 मई से शुरू होगी जनगणना, नागरिक खुद भी कर सकेंगे जनगणना

मुजफ्फरनगर। जिले में जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 7 मई से मकानों की गणना का कार्य शुरू किया जाएगा, जो 21 मई तक चलेगा। इस दौरान नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का भी अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाया जा सके।

प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किए गए हैं, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गणना के दौरान सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सरकारी प्रक्रिया है और इसमें किसी भी नागरिक से बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी नहीं मांगा जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल विकास योजनाओं एवं सरकारी नीतियों को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिससे देश और प्रदेश की विकास योजनाओं की दिशा तय होती है। इसलिए सभी लोग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रक्रिया को सफल बनाएं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin