मुजफ्फरनगर। शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े दवाइयों की डिलीवरी के दौरान एक चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ई-रिक्शा से दवाइयों का कार्टन गायब होने के बाद हड़कंप मच गया।
पीड़ित ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तरी रामपुरी निवासी हिमांशु पुत्र रविंद्र रुड़की रोड पर हिमांशु ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम से कारोबार संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 जुलाई 2026 की सुबह उनका ई-रिक्शा चालक दर्शन कुमार ट्रांसपोर्ट से दवाइयों के कार्टन लादकर शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर सप्लाई देने निकला था।
सप्लाई देते वक्त कर दिया हाथ साफ
चालक पहले जिला परिषद मार्केट में डिलीवरी देने के बाद अग्रवाल मार्केट पहुंचा। वहां जैसे ही वह ई-रिक्शा से कुछ पेटियां उतारकर दुकान के अंदर सप्लाई देने गया, इसी बीच मौका पाकर अज्ञात चोर ने ई-रिक्शा में रखी दवाइयों की एक पेटी पार कर दी। जब चालक वापस लौटा तो पेटी गायब देखकर उसके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो ट्रांसपोर्ट संचालक को सूचित किया गया।
सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद ट्रांसपोर्टर ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाजार के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
व्यस्त इलाके में हुई इस चोरी से स्थानीय व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

