Dailyhunt
मुजफ्फरनगर: शादी में 'खानसामा' बनकर आया शातिर चोर, आधी रात को दो घरों में घुसकर उड़ाए गहने और मोबाइल, आहट होने पर पकड़ा गया

मुजफ्फरनगर: शादी में 'खानसामा' बनकर आया शातिर चोर, आधी रात को दो घरों में घुसकर उड़ाए गहने और मोबाइल, आहट होने पर पकड़ा गया

मोरना। क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में एक शादी समारोह के दौरान चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बेटी की शादी में मुगलई खाना बनाने आए नानबाइयों की टीम में शामिल एक युवक ने रात के अंधेरे में दो घरों को अपना निशाना बनाया।

हालांकि, पीड़ित परिवार की सतर्कता से आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया और चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला लोकुपुरा दक्षिणी निवासी शहजाद मलिक की बेटी तमन्ना की शादी गुरुवार को थी। खाना बनाने के लिए मुजफ्फरनगर से पांच नानबाइयों की टीम आई थी, जो पड़ोस के ही असलम के मकान में ठहरे हुए थे। बुधवार की रात जब पूरा परिवार शादी की थकान के बाद सो रहा था, तभी टीम में शामिल एक युवक ने चोरी का जाल बुना।

धार्मिक दान पात्र भी नहीं छोड़ा
पीड़ित अकरम मलिक ने बताया कि आरोपी नानबाई आधी रात को छत के रास्ते असलम के घर में घुसा और अलमारी से कीमती आभूषण व मोबाइल चोरी कर लिए। इसके बाद वह बगल में स्थित उमरदीन के मकान में पहुँचा, जहाँ उसने एक मोबाइल और गत्ते का धार्मिक दान पात्र चुरा लिया। वह अलमारी खोलने की कोशिश कर ही रहा था कि उमरदीन की पत्नी कमरुन्निसा की आँख खुल गई। आहट सुनकर चोर वहां से भागा और चुपचाप अपने बिस्तर पर जाकर लेट गया।

तलाशी में बैग से निकले मोबाइल और गहने
सुबह जब घरों में चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया। शक होने पर ग्रामीणों ने नानबाइयों के सामान की तलाशी ली। आरोपी के बैग से चोरी हुए दोनों मोबाइल बरामद हो गए, जबकि कीमती आभूषण उसके कपड़ों में छिपे मिले। चोरी का माल बरामद होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

चर्चा का केंद्र बनी घटना
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची भोपा पुलिस ने संदिग्ध चोर को हिरासत में ले लिया। कस्बे में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है कि किस तरह खुशियों के माहौल में शामिल होकर एक बाहरी व्यक्ति ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसकी असली पहचान की जांच कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin