भोपा (मुजफ्फरनगर)। श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन और शिवभक्तों की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने विभागीय अधिकारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. निर्वाल ने उत्तराखंड सीमा से लेकर भोपा तक के संपूर्ण कांवड़ मार्ग का गहनता से अवलोकन किया और धरातलीय स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य, सफाई और प्रकाश व्यवस्था
मार्ग के अवलोकन के दौरान जिला पंचायत प्रशासक ने मुख्य रूप से प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी सुविधाएं 24 घंटे चाक-चौबंद रखी जाएं।
शिवभक्तों से संवाद कर जाना हाल-चाल
निरीक्षण के दौरान डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मार्ग में लगे विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों में जाकर वहां श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं को देखा। उन्होंने शिविरों में विश्राम कर रहे कांवड़ियों से सीधे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा भोजन, पेयजल व चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। शिवभक्तों ने स्थानीय प्रशासन और शिविर आयोजकों द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।
अधिकारी व कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस निरीक्षण अभियान के दौरान जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी तथा भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

