मुरादाबाद। शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बुध बाजार की सागर सराय में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घनी आबादी के बीच संचालित एक मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल तत्काल मौके पर पहुंच गए। उनके साथ एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसपी ग्रामीण समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी में जुट गए। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर दमकल टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, सागर सराय निवासी अभिषेक अग्रवाल की बुध बाजार क्षेत्र में मोमबत्ती बनाने की फैक्ट्री है। देर रात अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पड़ोसी सागर सक्सेना के मकान तक पहुंच गईं, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई परिवारों ने एहतियातन अपने घरों में रखे गैस सिलेंडर भी बाहर निकाल लिए, ताकि किसी बड़े विस्फोट की आशंका से बचा जा सके।
कई जिलों से बुलाई गई दमकल की गाड़ियां
आग की भयावहता को देखते हुए केवल मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि रामपुर, संभल, अमरोहा, बिजनौर, बदायूं और बरेली से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। देर रात से शुरू हुआ राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात चलता रहा। दमकल कर्मियों ने लगातार आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सुबह करीब सात बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। हालांकि, पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने संयुक्त प्रयास से आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया।
700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर पहुंचाया गया पानी
फैक्ट्री घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच स्थित होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग ने नजदीकी इंटर कॉलेज परिसर में फायर टेंडर खड़े किए और वहां से करीब 700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर फैक्ट्री तक पानी पहुंचाया गया। इसी व्यवस्था के माध्यम से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने संभाली कमान
मौके पर मौजूद एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी और अन्य अधिकारियों ने राहत कार्य की लगातार निगरानी की। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच शुरू करने की बात कही है।

