नोएडा । गर्मी के मौसम में कल-कारखानों में बिजली से संबंधित होने वाली समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उद्यमियों की संस्था नोएडा एन्ट्रेप्रिनियोर्स एसोसिएशन (एनईए) विद्युत कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल नव नियुक्त अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण मण्डल वैभव मिश्रा से सेक्टर-108 स्थित कार्यालय में मिला।
वहीं इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड द्वारा भी उद्यमियों को अवगत कराया गया है कि खाड़ी देशों में हो रहे युद्ध से इकाईयों में गैस की आपूर्ति बाधित हो सकती है, इसलिए इकाई को सुचारू रूप से चलाने के लिए ईंधन की रूप में दूसरा विकल्प तैयार कर लें। ऐसे में निर्बाध विद्युत आपूर्ति ही उद्योग चलाने के लिए एक मात्र विकल्प है।
अधिशासी अभियंता से बाताचीत के दौरान प्रतिनिधिमण्डल ने कहा कि ऐसी स्थिति को लेकर उद्यमियों के मन में भय व्याप्त हो रहा है। ऐसे समय में बिजली विभाग अपने संसाधनों को पूर्ण रूप से दुरूस्त कर लें ताकि ब्रेकडाउन कम से कम हो। उद्यमियों को कारखानों के संचालन में परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमण्डल द्वारा बताई गई उपरोक्त समस्याओं को सुनने के पश्चात् वैभव मिश्रा ने कहा कि विद्युत संबंधी मूलभूत सुविधाओं को ठीक कर लिया गया है। नोएडा शहर में ब्रेक डाऊन कम से कम हों उसके लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। प्रतिनिधिमण्डल में एनईए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश जोनेजा, सचिव आरएम जिंदल, राहुल नैययर, सुभाष जावा, संदीप विरमानी, नवनीत शर्मा, चेतन अग्रवाल सहित अन्य शामिल रहें।

