नोएडा। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी तथा अवैध शस्त्र बरामद किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक महिला ने स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसमें दो संदिग्ध युवक स्कूटी ले जाते दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना की मदद से कैलाश सिंह बघेल पुत्र जय किशन और कार्तिक बाजपेई पुत्र विनोद कुमार बाजपेई को सेक्टर-94 से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी करते थे। पहले वे ऐसे स्थानों की रेकी करते थे जहां वाहन बिना लॉक के खड़े होते थे। इसके बाद एक आरोपी चोरी किए जाने वाले वाहन पर बैठता था और दूसरा अपनी स्कूटी से पैर के सहारे धक्का देकर वाहन को बिना स्टार्ट किए वहां से ले जाता था, ताकि किसी को शक न हो।
चोरी के वाहनों को आरोपी तुरंत बेचने के बजाय यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और बाद में मौका मिलने पर बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी कैलाश सिंह बघेल अपने पास अवैध तमंचा भी रखता था, ताकि विरोध होने पर लोगों को डराकर भाग सके।
पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

