गाजियाबाद। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आए चुनावी रुझानों को लेकर गाजियाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सांसद अतुल गर्ग के निवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे और जीत के रुझानों पर जश्न मनाया।
जैसे-जैसे मतगणना के शुरुआती रुझान सामने आते गए, कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की। खासकर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की मजबूत बढ़त की खबरों ने कार्यकर्ताओं में खासा जोश भर दिया।
इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि यह सफलता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी निरंतर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है।
वहीं शहर विधायक संजीव शर्मा ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार की विकास नीतियों पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर आशु वर्मा, चेयरमैन संदीप पाल, शहर मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, क्रॉसिंग मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर खुशी व्यक्त की और पार्टी नेतृत्व को बधाई दी।

