पानीपत - हरियाणा के पानीपत स्थित पूजा विहार कॉलोनी में दोस्ती के कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती मंगलवार रात एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही दोस्त के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को खटखटाया दरवाजा, फिर किया जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, पूजा विहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार और साहिल के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 11-12 बजे के आसपास आरोपी साहिल, शिवकुमार के घर पहुँचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही शिवकुमार ने गेट खोला, बाहर खड़े साहिल ने पहले से लाए गए लोहे की रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि शिवकुमार लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
सुबह बेटी ने देखा पिता का शव, अस्पताल में मृत घोषित
वारदात का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जब शिवकुमार की बेटी सोकर उठी और उसने पिता को गेट पर खून से लथपथ पड़ा देखा। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी इकट्ठा हुए। आनन-फानन में शिवकुमार को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी की थी गला घोंटकर मारने की कोशिश
परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच रंजिश इतनी गहरी थी कि साहिल ने पहले भी एक बार शिवकुमार का गला घोंटकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था। मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमिंदर ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी साहिल के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शवगृह में रखवा दिया है, जिसका पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा।

