सहारनपुर। सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार मजदूर इरशाद उर्फ भूरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति सड़क पर गिरकर डंपर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। यह हादसा हरिद्वार जिले की अमानतगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। गांव रसूलपुर निवासी इरशाद उर्फ भूरा (46) अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव हसनावाला से भूसा भरकर फतेहपुर थाना क्षेत्र के अपने गांव रसूलपुर लौट रहे थे।बताया गया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नानकसर ढाबे के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को साइड मार दी।

