सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए चार शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़ी गई महिलाएं मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं, जो झुग्गी-झोपड़ियों में रहकर चोरी और जेब तराशी जैसी वारदातों को अंजाम देती थीं।
पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई रकम का एक हिस्सा भी बरामद किया है।
क्या था मामला?
बीती 30 अप्रैल को एक पीड़ित ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि ४-५ अज्ञात महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर उनकी जेब से कुल ५०,००० रुपये पार कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घेराबंदी कर खंडहर से दबोचा
प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक विमल कुमार सैनी और महिला उपनिरीक्षक चंचल कुमारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छोटी लाइन के पास स्थित एक पुराने खंडहर में छापेमारी की। यहाँ छिपी बैठी चार महिलाओं को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान
पकड़ी गई महिलाओं की पहचान रूमा पत्नी स्व. किशोर,नैना पुत्री सिकन्दर (लंगड़ा), नन्दनी पत्नी गौरव और सरस्वती पत्नी रामू के रुप में हुई। ये सभी अभियुक्ता वर्तमान में टेंडवा झुग्गी-झोपड़ी, जनपद बरोनी (बिहार) की निवासी बताई जा रही हैं।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से १०,५०० रुपये की नगद राशि बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।

