बरेली/औरैया। बरेली की पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कम्प मच गया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी 40 वर्षीय वीरपाल वर्ष 2006 बैच के सिपाही थे। वह पिछले करीब तीन साल से बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे। चौपुला क्षेत्र के पास किराये के मकान में पत्नी संगीता और दो बेटों के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक गुरुवार तड़के करीब चार बजे वीरपाल ने नाश्ता मांगा। नाश्ता करने के कुछ देर बाद उन्होंने सीने में दर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत की। इसके बाद वह आराम करने के लिए लेट गए। काफी देर तक नहीं उठने पर पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
घबराई पत्नी और पड़ोसियों ने वीरपाल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।
पुलिस लाइन आरआई, हरमीत सिंह ने बताया कि मृतक सिपाही निजी आवास लेकर अन्य स्थान पर रहता था और बीमारी से ग्रस्त था चिकित्सकों के मुताबिक उसकी मौत साइलेंट हार्ट अटैक बताया गया है।

