शामली। लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान से शिष्टाचार मुलाकात कर शामली जनपद से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की।
लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान अंकित गोयल ने बताया कि पिछले वर्ष सहारनपुर तिराहे से कैराना बाईपास तक लगभग छह किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव विभाग द्वारा स्वीकृत किया गया था। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 22.50 करोड़ रुपये है। प्रस्ताव में हॉटमिक्स सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और बीच में डिवाइडर निर्माण शामिल है।
उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव सभी विभागीय स्वीकृतियों के साथ शासन की वित्त समिति से भी पास हो चुका है, लेकिन अब तक इसके लिए धनराशि जारी नहीं हो सकी है।इस पर मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने आश्वासन दिया कि अगले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रस्तावित लोक निर्माण विभाग की बैठक में इस सड़क परियोजना का मुद्दा उठाया जाएगा और इसे जल्द स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद अंकित गोयल ने एमएसएमई मंत्री राकेश सचान से मुलाकात कर बताया कि शामली इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट फंड के अंतर्गत 5 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य शुरू कराने के लिए इस धनराशि का शीघ्र जारी होना आवश्यक है। इस पर मंत्री राकेश सचान ने भरोसा दिलाया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

