शामली। जनपद शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसरेवा कला में बिजली का करंट लगने से सास-बहू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब घर में बल्ब जलाने के दौरान सास करंट की चपेट में आ गईं।
उन्हें बचाने के प्रयास में बहू भी करंट की चपेट में आ गई और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार घटना आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसरेवा कला की है। मृतकों की पहचान बतून पत्नी शेरदीन और उनकी बहू खुशनुमा पत्नी रोजो के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक घर में बिजली का बल्ब जलाने के दौरान अचानक करंट फैल गया। सबसे पहले बतून इसकी चपेट में आ गईं। उन्हें करंट लगने से तड़पता देख उनकी बहू खुशनुमा उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। करंट इतना तेज था कि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और हादसे की जानकारी पुलिस को दी। एक साथ सास और बहू की मौत से गांव कसरेवा कला में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के पटवारी और आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के परिजन रोजो ने बताया कि घर में बल्ब जलाने के दौरान करंट लग गया था। सबसे पहले सास करंट की चपेट में आईं, उन्हें बचाने के लिए बहू गई, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

