शामली। जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक 7 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी शामली आलोक यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन संचालित एक स्वायत्त संस्था है। इसके अंतर्गत संचालित जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शामली जिले के वास्तविक निवासी ऐसे विद्यार्थी, जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा पांच में अध्ययनरत हैं और जिनका जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच हुआ है, वे इस परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। जन्म तिथि की दोनों सीमाएं भी इसमें शामिल होंगी।
इच्छुक विद्यार्थी और उनके अभिभावक निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी और दिशा-निर्देश भी ऑनलाइन उपलब्ध कराए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया या परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय शामली से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा विद्यालय के प्राचार्य के मोबाइल नंबर 8449877868 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

