Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
शामली में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी मोनू की गोली मारकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव, इलाके में सनसनी

शामली में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी मोनू की गोली मारकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव, इलाके में सनसनी

शामली। जनपद शामली के कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला के जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का गोली लगा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बागपत जनपद के थाना क्षेत्र के गांव ककड़ीपुर निवासी 22 वर्षीय मोहना उर्फ मोनू पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है।

मोनू पूर्व कबड्डी खिलाड़ी था और वर्तमान में किसानों की फसलों में दवाई का स्प्रे करने का कार्य करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

जानकारी के अनुसार मोनू शनिवार सुबह करीब सवा पांच बजे अपने घर से गांव नाला में मजदूरों को लेने के लिए निकला था। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गांव नाला के रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली। शव पर गोली लगने के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।

बताया गया कि किसान परविंदर जब अपने खेत पर पहुंचा तो उसने गन्ने के बीच युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद उसने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और घटनास्थल के आसपास के हालात का भी जायजा लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद, लेन-देन और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव नाला सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Royal Bulletin